प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
ने रविवार को मेरठ में कहा कि कुछ लोग किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर देश
की एकता और अखंडता को चुनौती दे रहे हैं। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त
नहीं किया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार विकास के नए कीर्तिमान बना रही
है। 32 हजार करोड़ रुपए की लागत से मेरठ-दिल्ली के बीच रैपिड रेल योजना पर
काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर हैं। शनिवार को
मुरादाबाद और गाजियाबाद के बाद रविवार को मुख्यमंत्री मेरठ पहुंचे। पहले
मुख्यमंत्री का हेलीकाॅप्टर से मेरठ पहुंचने का कार्यक्रम था। खराब मौसम के
कारण मेरठ में हेलीकाॅप्टर नहीं उतर पाया तो वह वापस गाजियाबाद लौट गए।
इसके बाद सड़क मार्ग से हापुड़ होते हुए कार द्वारा मेरठ पहुंचे। सरदार
वल्लभभाई पटेल कृषि विवि में लगभग 325 करोड़ की लगभग 88 विकास परियोजनाओं के
लोकार्पण व शिलान्यास केे बाद मुख्यमंत्री ने कृषि मेले व प्रदर्शनी का
उद्घाटन किया। इसके बाद विवि में 23.75 करोड़ की लागत से तैयार हाईटेक
केंद्रीय लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
उद्घाटन
के बाद मुख्यमंत्री ने कृषि विवि में ही जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में
किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार की
सर्वोच्च प्राथमिकता में है। बहन-बेटियों की सुरक्षा की जाएगी। मेरठ में
गंग नहर के किनारे कांवड़ मार्ग की दूरी पटरी बनाने के लिए 600 करोड़ रुपए को
मंजूरी दी गई है। भारत सरकार के सहयोग से 32 हजार करोड़ रुपए की लगात से
मेरठ-दिल्ली रैपिड रेल परियोजना का काम चल रहा है। हरिद्वार से वाया मेरठ
प्रयागराज जाने के लिए गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जा रहा है।
देश की एकता-अखंडता को दी जा रही चुनौती
मुख्यमंत्री
ने किसान आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर
देश की एकता और अखंडता को चुनौती दी जा रही है। किसान भाईयों के कंधों पर
बंदूक रखकर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य किया जा रहा है। यह
किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कुछ लोग किसानों की तरक्की को
नहीं देख सकते। इसलिए किसानों को भ्रम में डालकर आंदोलन करवा रहे हैं। ऐसे
लोगों को परेशानी है कि किसान विकास क्यों कर रहा है। उनके पास पैसे कैसे आ
रहे हैं? किसान आंदोलन के बहाने कुछ लोग उपद्रवियों की रिहाई की मांग कर
रहे हैं। उनकी यह मंशा कभी पूरी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर
करारे प्रहार करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए सही नीयत से
सही कानून लागू किया है। इससे किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। कुछ लोगों को
यह रास नहीं आ रहा।
खेतों से सोना उगाएंगे किसान
मुख्यमंत्री
ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसानों को अवसर मिलेगा तो वह
खेतों से सोना उगाएंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान कड़ी मेहनत से खेती
करते हैं। बागपत की रमाला चीनी मिल के विस्तार के लिए 40 साल से मांग उठ
रही थी। भाजपा सरकार में चीनी मिल का विस्तार किया गया। नरेंद्र मोदी सरकार
में किसानों के गन्ना मूल्य का पाई-पाई दिया जाएंगे। मोदी सरकार की
उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो काम 500 साल में
नहीं हो सका, वह भाजपा सरकार में हुई। श्रीराम मंदिर समस्या का समाधान
भाजपा सरकार में ही हुआ। इसी तरह से कश्मीर समस्या का समाधान भी मोदी सरकार
ने किया। अब मेरठ के लोग भी कश्मीर में जमीन खरीद सकते हैं।
इस
मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री डाॅ. संजीव बालियान, केंद्रीय मंत्री वीके
सिंह, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मेरठ के सांसद राजेंद्र
अग्रवाल, सभी विधायक आदि मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment