पूर्वी लद्दाख में पैन्गोंग झील के दोनों किनारों से भारत और चीन की सेनाओं के पीछे हटने के बाद उपग्रह की तस्वीरों ने गोगरा, हॉट स्प्रिंग्स और डेप्सांग प्लेन ने दोनों देशों के लिए अगली चुनौती की पहचान की है, जहां 2020 के अंत से तैनाती में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इतना ही नहीं रणनीतिक दौलत बेग ओल्डी (डीबीओ) हवाई पट्टी से करीब 20 किमी. दूर डेप्सांग में चीनी सेना की गतिविधियां बढ़ने की भी तस्वीरें सेटेलाइट ने कैद की हैं। रात के समय लिये गए उपग्रह चित्रों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास डेप्सांग क्षेत्र में चीनी निर्माणों का खुलासा किया है।
पूर्वी लद्दाख की सीमा एलएसी पर भारत की अंतिम चौकी दौलत बेग ओल्डी (डीबीओ) के पास है। यहां से चीन के कब्जे वाला अक्साई चिन महज 7 किमी. दूर है। गतिरोध के दौरान यहां चीन अपनी सेना की तैनाती करके डेप्सांग घाटी, अक्साई चिन और दौलत बेग ओल्डी पर एक साथ नजर रख रहा है। चीन ने पहले ही डेप्सांग घाटी में नए शिविर और वाहनों के लिए ट्रैक बनाए हैं, जिसकी पुष्टि पहले भी सेटेलाइट की तस्वीरों और जमीनी ट्रैकिंग के जरिये हुई है। पूर्वी लद्दाख का डेप्सांग प्लेन्स इलाका भारत-चीन सीमा के सामरिक दर्रे काराकोरम पास के बेहद करीब है। 255 किलोमीटर लम्बी दुरबुक-श्योक-दौलत बेग ओल्डी रोड यानी (डीएसडीबीओ) इसी के करीब से होकर जाती है। यहां से दौलत बेग ओल्डी की दूरी 30 किलोमीटर है। डेप्सांग मैदानी इलाके में चीनी सेना भारतीय सैनिकों की पेट्रोलिंग में बाधा डाल रही है।
उधर, भू-राजनीतिक खुफिया प्लेटफॉर्म @detresfa_ ने पैन्गोंग झील के दोनों किनारों से सेनाओं के पीछे हटने के बाद गोगरा, हॉट स्प्रिंग्स और डेप्सांग प्लेन ने दोनों देशों के लिए अगली चुनौती की पहचान की है, जहां 2020 के अंत से तैनाती में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस डेप्सांग प्लेन में
कुल पांच पेट्रोलिंग प्वाइंट (पीपी) 10, 11, 11ए, 12 और 13 हैं, जहां चीनी
सेना भारतीय सैनिकों को गश्त करने से लगातार रोक रही है। दरअसल यहां एक
वाई-जंक्शन बनता है, जो बुर्तसे से कुछ किलोमीटर पर है। उसी से सटे दो
नालों जीवन नाला और रकी नाला के बीच में ये पांच पेट्रोलिंग प्वाइंट हैं।
हालांकि 20 फरवरी को भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच 10वें दौर की
वार्ता में पूर्वी लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और डेप्सांग प्लेन जैसे
क्षेत्रों में भी सैन्य वापसी की प्रक्रिया शुरू करने पर फोकस किया गया
है। दोनों देशों के सैन्य कमांडरों के बीच इन विवादित इलाकों से
भी सैनिकों, हथियारों तथा अन्य सैन्य उपकरणों को हटाए जाने पर गहन मंथन
किया गया है। अगली वार्ता में इन इलाकों से भी फौज हटाये जाने की प्रक्रिया
पर बात होनी है।
अमेरिकी अन्तरिक्ष संस्था कैपेला स्पेस @capellaspace द्वारा रात के दौरान डेप्सांग इलाके में सिंथेटिक एपर्चर रडार (एसएआर) के माध्यम से रात के दौरान ली गईं तस्वीरों से चीनी निर्माणों का खुलासा हुआ है। इसी तरह भारत की सबसे ऊंची हवाई पट्टी दौलत बेग ओल्डी (डीबीओ) से लगभग 20 किमी. दूर अक्साई चिन में हर मौसम में सक्रिय रहने वाली पीएलए की तियानवेन्डियन पोस्ट तस्वीरों में कैद हुई है। 1962 के युद्ध के बाद स्थापित की गई इस पोस्ट का पिछले कुछ वर्षों में लगातार विकास देखा गया है। इसकी मुख्य इमारत में अगस्त, 2020 से अतिरिक्त निर्माण, शिविर, वाहन और बाड़ लगाये गए हैं। यानी कि भारतीय और चीनी सैनिकों के पैन्गोंग झील क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से लागू किये गए विस्थापन के बाद अभी भी डेप्सांग प्लेन में दोनों जमीनी बलों के बीच गतिरोध बना हुआ है।
No comments:
Post a Comment