एनएचएआई ने तेलंगाना में एनएच-167 के गुडबेलूर से महबूबनगर खंड को चार लेन का बनाने का ठेका जारी किया - National Adda

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Sunday, 29 March 2026

एनएचएआई ने तेलंगाना में एनएच-167 के गुडबेलूर से महबूबनगर खंड को चार लेन का बनाने का ठेका जारी किया

 भारतीय राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राध‍िकरण ने तेलंगाना में एनएच-167 के गुडबेलूर से महबूबनगर खंड को चार लेन वाली सड़क बनाने के लिए अनुबंध पत्र (एलओए-लेटर ऑफ अवार्ड) जारी कर दिया है। 1,734 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना केएनआर कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड को हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएम) के तहत दी गई है। 80 किलोमीटर लंबी यह परियोजना हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे का हिस्सा है और इसे फरवरी 2026 में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने अनुमोदित किया था।

इस परियोजना के तहत पांच प्रमुख पुलों, 36 छोटे पुलों, 260 पुलियों, 11 वाहन अंडरपास, 22 एलवीयूपी, एक आरओबी/आरयूबी, 48 किमी लंबाई की सर्विस रोड और 56 किमी लंबी स्लिप रोड का निर्माण शामिल है।

राष्ट्रीय राजमार्ग 167 का गुडबेलूर-महबूबनगर खंड वर्तमान में विशेष रूप से गुडबेलूर, मैग्नूर, मखथल, मारिकल, देवर्कदरा, जक्लेयर, येलीगंडला और बंदरपल्ली जैसे घनी आबादी वाले कस्बों और गांवों में यातायात में भारी देरी का सामना कर रहा है। इस राजमार्ग के चार लेन में बदल दिए जाने से यातायात की भीड़ कम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और माल एवं यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी।



परियोजना पूरी होने पर, यह तीन पीएम गति शक्ति आर्थिक केंद्रों, नौ सामाजिक केंद्रों और सात लॉजिस्टिक्स केंद्रों को जोड़कर बहुआयामी एकीकरण को मजबूत करने में भी मदद करेगी। इससे हैदराबाद के औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्रों, जिनमें हैदराबाद-बेंगलुरु एनआईसीडीसी कॉरिडोर, दवा और चिकित्सा क्लस्टर तथा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) शामिल हैं, से कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।

चार लेन वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग महबूबनगर, नारायणपेट, रायचूर, देवर्कदरा, मखथल और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों को जोड़ेगा और इसके साथ ही क्षेत्र में धार्मिक तथा पर्यटन स्थलों तक पहुंच को सुगम बनाएगा।

No comments:

Post a Comment


Post Bottom Ad