किसान आंदोलन को हवा दे रही है कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां : अरुण सिंह - National Adda

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, 15 December 2020

किसान आंदोलन को हवा दे रही है कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां : अरुण सिंह

 भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां किसान आंदोलन को हवा दे रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान और सरकार की वार्ता जल्द ही असर दिखाएगी और आंदोलन समाप्त होगा।

यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सिंह ने कहा, ‘‘देश का किसान सशक्त और खुशहाल हो, इसके लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। किसानों की आमदनी दोगुनी हो, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार प्रयास कर रहे हैं।' 




उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह चिंता की बात है कि विपक्षी पार्टियां मुख्य रूप से कांग्रेस, जिसने सदैव किसानों को ठगा है, उन्हें धोखा दिया है और उनके लिए कभी कुछ भला नहीं किया... वह किसान आंदोलन को हवा दे रही है।’’

सिंह ने दावा किया, ‘‘देश में अधिकतर किसान आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं। जो भी चुनाव हुए, चाहे बिहार का चुनाव हो, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक का उपचुनाव हो, सभी जगह भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को समर्थन मिला है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘कृषि सुधार कानून किसानों के जीवन में आमूल चूल परिवर्तन लाएगा लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने निहित स्वार्थ के चलते उसका विरोध कर रही है। हम उनकी निंदा करते हैं। कुछ कम्युनिस्ट पार्टी, अलगाववादी संगठन भी अपनी रोटी सेंकने का काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि फसलों की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था थी, है और आगे भी रहेगी। इन कानूनों से किसानों को अपनी फसल कहीं भी बेचने की आजादी मिलेगी।

अरुण सिंह ने उम्मीद जताई कि किसानों का आंदोलन जल्द ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार खुले मन से किसानों से बात कर रही है और उम्मीद है कि जो किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, वे भी जल्द अपना आंदोलन समाप्त कर देंगे।’’

No comments:

Post a Comment


Post Bottom Ad