12 घंटों में 52 सेमी बढ़ा काशी में गंगा का जलस्तर, आरती स्थल बदला - National Adda

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, 15 August 2020

12 घंटों में 52 सेमी बढ़ा काशी में गंगा का जलस्तर, आरती स्थल बदला

12 घंटों में 52 सेमी बढ़ा काशी में गंगा का जलस्तर, आरती स्थल बदला


काशी में गंगा के जलस्तर में बीते 36 घंटों में दो फुट से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें 52 सेमी जलस्तर शुक्रवार की सुबह आठ से रात आठ बजे के बीच बढ़ा। इसके कारण गंगोत्री सेवा समिति के गंगा आरती स्थल पर पानी पहुंच गया। 
 
 

15 अगस्त की सुबह तक चार सेमी प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि को देखते हुए अहिल्याबाई घाट को जाने वाले रास्ते पर पानी पहुंच जाने की संभावना है। नौकाओं के परिचालन पर फिलहाल रोक नहीं लगाई गई है।

शिवाला-हनुमान घाट, मानमंदिर-ललिताघाट, बूंदीपरकोटा से आगे उत्तर की ओर जाने वाले घाटों पर पानी आ चुका है। करीब चालीस फीसदी घाटों का संपर्क टूट गया। गंगोत्री सेवा समिति को गंगा आरती का स्थान बदलना पड़ा है। 

वहीं गंगा सेवा निधि को भी आरती स्थल बदलना पड़ा है। पानी बढ़ते ही घाट पर पंडे अपनी-अपनी चौकियां सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे रहे। गंगा में बढ़ाव से वरुणा तटवासियों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है।

केन्द्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर शुक्रवार की सुबह 62.92 मीटर था जो रात आठ बजे 63.44 मीटर पहुंच गया। इन बारह घंटों में 52 सेमी की वृद्धि हुई। एक दिन पहले गुरुवार की सुबह जलस्तर 62.77 मीटर और रात आठ बजे 62.80 मीटर दर्ज किया गया था। जलस्तर में बढ़ाव का कारण उत्तराखंड के पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश  और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ना है।

No comments:

Post a Comment


Post Bottom Ad